चीन की पीपुल्स लिब्रेशन आर्मी (पीएलए) की ओर से अब तक के इतिहास में पहली बार शनिवार को लद्दाख सेक्टर के वास्तविक नियंत्रण रेखा से सटेदौलत बेग ओल्डी क्षेत्र में भारतीय सेना के अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल की मेजबानी की गई।
सैन्य प्रवक्ता के अनुसार भारतीय सैन्य अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल का कर्नल बीएस उप्पल और चीन की सेना के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर्नल सांग जहोनली ने किया।
उल्लेखनीय है कि हर वर्ष चीन के सैनिकों द्वारा पीएलए दिवस पर बार्डर प्वाइंट मीटिंग आयोजित की जाती है। समारोह की शुरूआत चीन के राष्ट्रीय ध्वज को सलामी के साथ हुई। दोनों प्रतिनिधिमंडलों का नेतृत्व कर रहे अधिकारियों ने समारोह को संबोधित किया।
इसके बाद भारतीय और चीन की सेना के अधिकारियों में बैठक हुई जिसमें दोनों देशों के अधिकारियों ने वास्तविक नियंत्रण रेखा पर शांति कायम रखने और संबंधों को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया।
इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसके अलावा लद्दाख क्षेत्र के चुशुअल सेक्टर में भी शनिवार को भारत-चीन सैन्य अधिकारियों में बार्डर प्वाइंट मीटिंग हुई। इसमें भारतीय सेना की ओर से ब्रिगेडियर जेकेएस विर्क ने जबकि चीन की सेना की ओर से वरिष्ठ कर्नल चेन जेहंग शान ने प्रतिनिधित्व किया।