क्रास एलओसी ट्रेड कस्टोडियन फरीद अहमद कोहली का कहना था कि मंगलवार की ही तरह बुधवार को भी क्रास एलओसी ट्रेड सेंटर में काम सामान्य रूप से चल रहा था। अचानक एक बजे के करीब नियंत्रण रेखा पर गोलाबारी की आवाजें आने लगीं। इससे पहले की लोग कुछ समझ पाते दो मोर्टार शेल ट्रेड सेंटर में आकर गिरे। उसके बाद लगातार तीन और शेल आसपास आकर गिरे। जिस समय गोलाबारी शुरू हुई, भारत के 35 ट्रक सामान लेकर पीओके जा चुके थे, जबकि पीओके के 34 ट्रक चक्कां दा बाग की राह-ए-मिलन के इस पार आ गए थे। उन्हें इमिग्रेशन सेंटर में रोक दिया गया और गोलाबारी थमने के बाद उन्हें बैरंग लौटा दिया गया। भारत के 35 ट्रक पीओके में सामान उतार कर लौट आए हैं।
तीसरी बार बनाया निशाना
पाकिस्तान की तरफ से तीसरी बार ट्रेड सेंटर को निशाना बनाया गया है। इसे लेकर ट्रेडर्स और मजदूरों का कहना था कि क्रास एलओसी ट्रेड से 700-800 लोगों के परिवार पल रहे हैं। जम्मू-कश्मीर और पाक अधिकृत कश्मीर के लोगों के बीच रिश्ते भी बेहतर हो रहे हैं, जो पाकिस्तान को पसंद नहीं आते हैं। इसलिए वह ट्रेड बंद करवाने के लिए इस प्रकार की हरकतों को अंजाम दे रहा है।
पाकिस्तान ने नौशेरा सेक्टर में बुधवार को एक बार फिर सीजफायर का उल्लंघन किया। सेना ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया है। जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान ने बुधवार को दोपहर में करीब पौने दो बजे नौशेरा सेक्टर के मकड़ी क्षेत्र में गोलाबारी शुरू कर दी। छोटे-बड़े हथियारों से की गई गोलाबारी का सेना ने जवाब दिया है।