स्वतंत्रता दिवस की तैयारी करते प्रतिभागी
- फोटो : बासित जरगर
पांच वर्ष बाद श्रीनगर का ऐतिहासिक बख्शी स्टेडियम एक बार फिर मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह की मेजबानी करेगा। रविवार को यहां फुल ड्रेस रिहर्सल हुई। दशकों तक बख्शी स्टेडियम ने स्वतंत्रता दिवस समारोहों की मेजबानी की है, परंतु वर्ष 2018 में नवीनीकरण के चलते यहां आयोजन बंद कर दिया गया था। इस दौरान स्वतंत्रता दिवस परेड सोनावर के शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित की गई थी।
कश्मीर के मंडलायुक्त वीके विधूड़ी ने रविवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल के बाद आम जनता से अपील की है कि वह बड़ी संख्या में इस राष्ट्रीय पर्व का हिस्सा बनें। आमतौर पर मुख्यमंत्री स्वतंत्रता दिवस समारोह की अध्यक्षता करते थे, लेकिन निर्वाचित सरकार की अनुपस्थिति में पूर्ववर्ती राज्य के राज्यपाल इसकी जिम्मेदारी निभाते थे। वर्ष 2019 में अनुच्छेद 370 के निरस्त होने और जम्मू-कश्मीर के पुनर्गठन के बाद से केंद्र द्वारा नियुक्त उप राज्यपाल इन समारोहों में मुख्य अतिथि होते हैं।
मंडलायुक्त ने ली मार्च पास्ट की सलामी
बख्शी स्टेडियम में रविवार को फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की गई, जहां मंडलायुक्त वीके विधूड़ी ने मार्च पास्ट की सलामी ली। पुलिस, सुरक्षा बलों और स्कूली बच्चों की टुकड़ियों ने परेड में हिस्सा लिया, परेड के बाद, कलाकारों और स्कूली बच्चों ने जम्मू-कश्मीर की विविधता को उजागर करते हुए एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रदर्शन किया।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
अधिकारियों ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है और बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। उन्होंने कहा कि ड्रेस रिहर्सल के दौरान बख्शी स्टेडियम के आसपास की सड़कों को यातायात के लिए प्रतिबंधित रखा गया था।