क्रिकेट विश्वकप में भारत-पाकिस्तान के बीच खेले गए मैच का असर भारत-पाकिस्तान अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर भी हावी रहा।
सहरद पर चौकन्ने रहने की हिदायतों के चलते सामान्य से अधिक निगरानी रही। मैच के दौरान और भारत की जीत के बाद हालांकि कठुआ जिले की सरहद शांत रही, लेकिन आरएस पुरा सेक्टर में पाकिस्तान की ओर से सीजफायर उल्लंघन की घटना से तनाव जरूर रहा।
बीएसएफ सहित भीतरी सुरक्षा का मोर्चा संभाले पुलिस को विशेष हिदायतें जारी कर दी गई थीं। भारत पाकिस्तान क्रिकेट मैच के नतीजे सरहद के हालात पर भी असर डालते हैं।
ऐसे में पहले से ही एहतियातन सुरक्षा इंतजामों को अभूतपूर्व कर लिया गया था। सीमा पर जहां सीमा सुरक्षा बल की कड़ी निगरानी बनी रही,वहीं भीतरी इलाकों में पुलिस ने पैनी नजर रखी।
हाल के महीनों के दौरान ही भारत पाकिस्तान अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर सीजफायर उल्लंघन के छिटपुट मामलों से लेकर बड़े स्तर पर गोलाबारी की घटनाएं हो चुकी हैं। हजारों की तादाद में लोगों को पलायन के लिए मजबूर भी होना पड़ा।
ऐसे में क्रिकेट मैच से जुड़ी अप्रिय घटना की संभावना को बेहद गंभीरता से लिया गया। सीमा की तमाम पोस्टों पर सामान्य हालात में भी सुरक्षा कड़ी रहती है, लेकिन संवेदनशील मौकों पर इसे और भी कड़ा कर दिया जाता है।