नोटबंदी के बाद जमाखोरों की अब खैर नहीं दिख रही है। आयकर विभाग ने ऐसे लोगों खासकर कारोबारियों और व्यापारियों पर अपनी टेढ़ी नजर डाल दी है। इसी कड़ी में बुधवार को जम्मू शहर के पांच बड़े कारोबारी प्रतिष्ठानों पर छापा मारकर रिकार्ड जब्त किया।
नोटबंदी के बाद जमा होने वाली राशि को लेकर यह कार्रवाई हुई है। आने वाले दिनों में इस तरह की और कार्रवाई देखने को मिल सकती हैं। बहरहाल, आयकर विभाग ने इस कार्रवाई में नामी लोगों को चुना है, ताकि नोटबंदी के बाद की गई जमाखोरी को सामने लाया जाए।
आयकर विभाग के पड़े छापों में रियल इस्टेट, सैलरी एवं फ्लोर मिल छन्नी, वेयर हाउस स्थित एक होल सेलर के प्रतिष्ठान, पलोड़ा स्थित एक इलेक्ट्रानिक कारोबारी पर, हरी मार्केट स्थित रेडिमेड गारमेंट शामिल हैं। इसके अलावा एक फ्लोर मिल में भी आयकर विभाग ने कार्रवाई की है। आयकर विभाग को जानकारी मिली थी कि नोटबंदी के बाद इन पांचों ने बैंकों में काफी पैसा जमा कराया।