गुड़ा सलाथिया में आयोजित यूथ डेवलपमेंट एंड कॅरिअर काउंसलिंग सेल के 6वें वार्षिक दिवस समारोह का आयोजन
सांबा/ विजयपुर। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को गुड़ा सलाथिया में आयोजित यूथ डेवलपमेंट एंड कॅरिअर काउंसलिंग सेल के 6वें वार्षिक दिवस समारोह में भाग लिया।
इस अवसर पर उन्होंने सेल के स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना की और कहा कि यह संगठन युवाओं को कौशल विकास, कॅरिअर काउंसलिंग और कोचिंग के माध्यम से उज्जवल भविष्य के लिए मार्गदर्शन प्रदान कर रहा है। उन्होंने इसे राष्ट्र के लिए एक रोल मॉडल बताते हुए कहा कि सेल ने युवा-केंद्रित पहलों के लिए एक भविष्यवादी दृष्टिकोण अपनाया है, जिससे युवा अपने सपनों को साकार करने में सक्षम हो रहे हैं।
उपराज्यपाल ने कहा कि किसी भी समाज का शीघ्र और समावेशी विकास काफी हद तक युवाओं की उत्पादकता पर निर्भर करता है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जम्मू-कश्मीर में स्थानीय स्तर पर युवाओं के स्वास्थ्य और कल्याण को सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि वे राष्ट्र की विकास यात्रा का नेतृत्व कर सकें।परंपरा और आधुनिकता का संतुलन आवश्यक
एलजी मनोज सिन्हा ने कहा कि युवाओं को साहसी और मजबूत बनने की जरूरत है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जम्मू-कश्मीर के युवा परंपरागत मूल्यों और आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उठाए गए विभिन्न सरकारी कदमों का जिक्र करते हुए कहा कि युवाओं को शिक्षा, उद्योग, कौशल विकास, खेल, कृषि, नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए कई योजनाएं लागू की गई हैं।
गुड़ा सलाथिया के वीरों को दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के दौरान उपराज्यपाल ने सेना के बहादुर जवानों, स्वतंत्रता सेनानियों और गुड़ा सलाथिया के महान व्यक्तित्वों को श्रद्धांजलि दी और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक सुरजीत सिंह सलाथिया, उपायुक्त सांबा राजेश शर्मा और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।