- पीएम मोदी ने सरदार पटेल और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने को किया पूरा
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी अब सिर्फ नारा नहीं रहा। ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर पीएम नरेंद्र मोदी ने इसे हकीकत में बदल दिया है। देश के दो छोरों को मिलाकर सरदार वल्लभ भाई पटेल और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने को भी साकार किया है।
एलजी ने शुक्रवार को कटड़ा में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, पीएम मोदी ने परूर से पट्टन, अर्नाकुलम से अनंतनाग, कटड़ा से कोल्लम और बारामुला से वर्कला को सिर्फ रेल लाइन से नहीं, यहां रह रहे लाखों भारतवासियों के दिलों को आपस में मिलाने का काम किया है। पीएम ने दुनिया के जिस सबसे ऊंचे चिनाब रेलवे ब्रिज और देश के पहले अंजी केबल ब्रिज का लोकार्पण किया है, वह सिर्फ सीमेंट और लोहा नहीं, बल्कि जम्मू-कश्मीर को तरक्की के रास्ते से जोड़ने का माध्यम है।
-
वादियों में बह रही तरक्की की बयार
उपराज्यपाल ने कहा कि पीएम मोदी आज 46,183 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण कर रहे हैं। तीन साल पहले पीएम जब पंचायतीराज दिवस से मौके पर पल्ली गांव में आए थे, तब से लेकर आज तक 1,16,723 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर चुके हैं। पीएम ने आज श्री माता वैष्णो देवी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एक्सीलेंस की नींव भी रखी है। उन्होंने अशांति के खिलाफ भी बिगुल फूंक रखा है। सिन्हा ने कहा, पहलगाम के बायसरन में जो कृत्य आतंकियों ने किया, उसका वैसा ही जवाब भारत ने दिया। जिसे पूरी दुनिया ने देखा। 2019 के बाद पीएम ने जम्मू-कश्मीर में सामाजिक और आर्थिक क्रांति की जो मशाल जलाई है, उससे वादियों में तरक्की की बयार बह रही है। प्रदेश में दशकों से अधूरी आकांक्षाएं पूरी हो रही हैं।