कहा - केंद्र व राज्य मिलकर शांति और खुशहाली को बनाएंगे मजबूत
- प्रधानमंत्रीने पहलगाम में आतंकियों की गोली का शिकार हुए आदिल को भी किया याद
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पाकिस्तान गरीब की रोजी-रोटी का विरोधी है। वह इन्हें तबाह करना चाहता है। 22 अप्रैल को पहलगाम में जो कुछ हुआ, वह इसी का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य साथ मिलकर विकास, शांति व खुशहाली को बनाए रखने में जुटे हुए हैं।
पीएम ने कहा, हम नौजवानों के लिए लगातार रोजगार के अवसर बढ़ा रहे हैं। दुर्भाग्य से हमारा पड़ोसी देश टूरिज्म का विरोधी है, मेलजोल का विरोधी है। दंगे कराने के इरादे से पर्यटकों पर हमला किया। कश्मीर घाटी में हर साल रिकाॅर्ड संख्या में पर्यटक आ रहे थे। जिस टूरिज्म से जम्मू-कश्मीर के लोगों के घर चलते हैं, उसको पाकिस्तान ने निशाना बनाया। कोई घोड़े वाला, गोई गेस्ट हाउस वाला, कोई ढाबा चलाने वाला, कोई पोर्टर है। पाकिस्तान की साजिश इन सबको तबाह करने की थी। पीएम ने पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए कश्मीरी युवक आदिल को भी याद किया। कहा कि उसकी क्या गलती थी, वह तो परिवार के लिए कमाने आया था, उसे भी मार दिया।
मैं पूरे सामर्थ्य से यहां के विकास में जुटा हूं
पीएम ने कहा-मैं दशकों से जम्मू-कश्मीर आता जाता रहा हूं। मैंने यहां की सामर्थ्य को लगातार देखा है, महसूस किया है। मैं पूरे समर्पण के साथ जम्मू-कश्मीर के विकास में जुटा हूं। यह प्रदेश भारत की शिक्षा व संस्कृति का गौरव रहा है। आज भारत का नाॅलेज हब बना रहा है, इसमें जम्मू-कश्मीर की भागीदारी भविष्य में बढ़ने वाली है।