केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जय प्रकाश नड्डा रविवार को राज्य में तीन नए मेडिकल कालेजों का शिलान्यास करेंगे। पहले चरण में जम्मू संभाग में राजोरी, दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग और उत्तरी कश्मीर में बारामुला में नए मेडिकल खोले जाएंगे। प्रत्येक पर करीब 189 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
जम्मू संभाग के कठुआ और डोडा जिले में दो अन्य मेडिकल कालेजों की औपचारिकताओं को भी पूरा किया जा रहा है। राज्य में पांच मेडिकल कालेजों के स्थापित होने के बाद पांच सौ सीटों की वृद्धि हो जाएगी।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा रविवार सुबह 9:30 बजे जम्मू एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे, जहां से चापर से पहले राजोरी और फिर अनंतनाग और बारामुला जाएंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बाली भगत भी मौजूद रहेंगे।
स्वास्थ्य मंत्री बाली भगत ने बताया कि पांच नए मेडिकल कालेजों के निर्माण से चिकित्सा के क्षेत्र में राज्य मजबूत होगा। इससे दूरवर्ती और पहाड़ी इलाकों में डाक्टरों की कमी को पूरा किया जा सकेगा। रियासत में चिकित्सा क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए केंद्र की ओर से पूरी वित्तीय व अन्य मदद की जा रही है।