दूरस्थ शिक्षा विभाग में शुरू किए विषय राजनीति शास्त्र के लिए विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री के लिए थोड़ा और इंतजार करना पडे़गा। हालांकि अर्थशास्त्र की अध्ययन सामग्री पहुंच गई है। इस विषय में पीजी कर रहे विद्यार्थियों को स्टडी मैटेरियल वितरित भी किया जा रहा है।
छुट्टियों के चलते अभी विभाग में स्टडी मैटेरियल और अन्य कार्य में कुछ वक्त लगेगा। दूरस्थ शिक्षा विभाग के डायरेक्टर वीडी सिंह ने बताया कि विभाग में शुरू किए दो नए विषयों के स्टडी मैटेरियल के लिए जोर-शोर के साथ काम हो रहा है। उन्होंने बताया कि अर्थशास्त्र का स्टडी मैटेरियल विद्यार्थियों में वितरित कर दिया गया है और विद्यार्थियों को एनरोलमेंट कार्ड भी दे दिए हैं।
सिंह ने बताया छुट्टियों के खत्म होते ही जल्द से जल्द स्टडी मैटेरियल को लाकर विद्यार्थियों में वितरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अगले सप्ताह से स्टडी मैटेरियल के वितरण के साथ ही पीसीपी कक्षाओं को भी शुरू कर दिया जाएगा, जिसमें विद्यार्थी अपने विषयों के कोआर्डिनेटर और इंचार्ज से अपने विषय से संबंधी परेशानियों को हल कर सकते हैं।