आईआईटी जम्मू ने सुरक्षाबलों की कॉनवॉय पर नजर रखने वाला सिस्टम तैयार कर लिया है, जिसका जम्मू-कश्मीर में इस्तेमाल किया जाएगा। इस सिस्टम से देश में कहीं भी बैठकर कॉनवॉय की शुरुआत से गंतव्य तक पहुंचने की पल-पल की जानकारी ली जा सकेगी। काॅनवाय एक सेकेंड के लिए भी कहीं रुकी तो उसी समय पता चल जाएगा। इस काॅनवाय प्रबंधन सिस्टम को लाइट हाउस नाम दिया गया है। फिलहाल सेना ने 50 उपकरण ट्रायल के लिए मांगे हैं।
जानकारी के अनुसार पांच से छह इंच के उपकरण में तीन चीजों को मुख्य रूप से इस्तेमाल किया गया है। जिसमें नेविक रिसीवर, माइक्रोकंट्रोलर और 3जी, 4जी एवं लो पावर लांग रेंज (एलओआरए) मॉड्यूल शामिल हैं। नेविक रिसीवर से उपकरण अपने लिए लोकेशन लेता है, 3जी, 4जी एवं एलओआरए इससे जानकारी लेकर कमांडर सेंटर भेजता है, जबकि माइक्रो कंट्रोलर से उपकरण में लगे छोटे छोटे यंत्र कंट्रोल किए जाते हैं। उपकरण वाहन में कहीं भी लगाकर उसे पावर से कनेक्ट करना होता है।