राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि
- फोटो : बासित जरगर
जम्मू कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने पाकिस्तान को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर पाकिस्तान भारत के खिलाफ आतंकी गतिविधियों को खत्म नहीं करता है तो सेना उनके खिलाफ रविवार की कार्रवाई से भी ज्यादा आगे जाते हुए और अंदर तक घुसकर आतंकी कैंपों को नष्ट करेगी। राज्यपाल सोमवार को श्रीनगर के बाहरी क्षेत्र जेवन में स्थित पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में जम्मू कश्मीर पुलिस के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे।
मलिक ने कहा, हम आतंकी शिविरों को पूरी तरह से बरबाद कर देंगे यदि पाकिस्तान बाज नहीं आया तो हम और अंदर घुस कर मारेंगे। उन्होंने कहा कि जंग बुरी चीज है, पाकिस्तान को समझना चाहिए, यदि वह नहीं संभला तो जो रविवार को हुआ आगे उससे ज्यादा होगा। मलिक ने कश्मीर के युवाओं को कश्मीर को आगे बढ़ाने में योगदान देने की अपील करते हुए कहा कि एक नवम्बर से एक नया कश्मीर देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा, यहां के लोगों को मैं यह कहना चाहता हूं कि वह नए कश्मीर में अपनी हिस्सेदारी करें और इसे आगे बढ़ाएं।
रविवार को कुपवाड़ा में पाकिस्तान की संघर्ष विराम उल्लंघन की कार्रवाई के बाद सेना की जवाबी कार्रवाई पर उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ऐसी नापाक हरकतें रोज करता रहता है ऐसे में उसे कहीं न कहीं रोकना पड़ेगा। इस र्कावाई के बाद भी अगर पाकिस्तान नहीं सुधरा तो और बड़ी कार्रवाई की जाएगी।
रविवार को किया था सख्त पलटवार
बता दें कि रविवार को टंगधार सेक्टर में पाकिस्तान के संघर्ष विराम उलंघन के दौरान एक स्थानीय नागरिक की मौत हुई थी जबकि दो जवान भी शहीद हुए थे। इतना ही नहीं 3 स्थानीय नागरिक भी घायल हुए थे। भारत ने सख्त जवाबी कार्रवाई करते हुए चार आतंकी कैंप नष्ट करने के साथ ही 9 से 10 पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया था। जबकि लगभग 26 आतंकी घायल हुए थे।