रियासत के चुनाव में तमाम जतन के बाद भी भले ही भाजपा के मिशन कश्मीर को तगड़ा झटका लगा हो, लेकिन घाटी की 34 सीटों पर पार्टी के लड़ाके खूब लड़े। एक सीट पर पार्टी उपजेता रही तो आधा दर्जन सीटों पर तीसरे स्थान पर।
खास बात यह है कि कई सीटों पर पार्टी ने अपने परंपरागत प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस को भी पीछे छोड़ दिया है। घाटी की 46 सीटों में से 34 सीटों पर पार्टी ने प्रत्याशी खड़े किए थे। श्रीनगर जिले की हब्बाकादल सीट पर मोती कौल उपजेता रहे। इस सीट पर उन्होंने पीडीपी और कांग्रेस प्रत्याशियों को पीछे छोड़ दिया।
हजरतबल, अमीराकदल, कुपवाड़ा एवं बिजबिहाड़ा में पार्टी तीसरे स्थान पर रही, लेकिन इन सभी सीटों पर पार्टी प्रत्याशी ने कांग्रेस से बेहतर प्रदर्शन किया है। इसी तरह सोनवार में पार्टी प्रत्याशी को मिले मत भी कांग्रेस प्रत्याशी से अधिक रहे।