उमर अब्दुल्ला नेकां के कार्यकारी अध्यक्ष हैंं।
- फोटो : Amar Ujala
भारत माता की जय के नारे को लेकर देश चल रहे विवाद में रविवार को जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि वह इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि राज्य में सोमवार को पीडीपी और भाजपा गठबंधन की सरकार बनने के बाद शपथ लेते ही यह नारा लगाएंगे।
उमर ने सोशल साइट ट्विटर पर लिखा कि, मैं इंतजार कर रहा हूं कि कल पीडीपी और भाजपा गठबंधन सरकार के बनने के बाद उनके सभी सदस्य भारत माता की जय के नारे लगाएंगे। उमर ने ट्विटर पर लिखा, 'मैं कल पीडीपी-भाजपा गठबंधन के सभी सदस्यों को शपथ ग्रहण करने के बाद ऐसा कहते हुए देखने को लेकर उत्साहित हूं।'
I look forward to seeing all the members of the PDP-BJP alliance say this as soon as they take their oath tomorrow. https://t.co/R6rWYHzUww— Omar Abdullah (@abdullah_omar) April 3, 2016
नेशनल कांफ्रेंस नेता महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस की उस टिप्पणी को लेकर प्रतिक्रिया दे रहे थे जिसमें फडणवीस ने कहा था कि 'भारत माता की जय' का नारा न लगाने वाले लोगों को देश में रहने का कोई हक नहीं है।
सुन्नी मुसलमानों के शीर्ष मदरसे दारूम उलूम देवबंद ने हाल में एक फतवा जारी कर मुसलमानों से यह नारा नहीं लगाने को कहा था। उनका कहना है कि यह इस्लाम की मान्यताओं के खिलाफ है।
पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती को जम्मू एवं कश्मीर की पहली महिला मुख्यमंत्री के रूप में कल जम्मू में राजभवन में शपथ दिलाई जाएगी। इस कार्यक्रम के लिए उमर अब्दुल्ला को भी आमंत्रित किया गया है।