चार अप्रैल को रियासत की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के मद्देनजर डीजीपी के राजेंद्रा कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। जोनल पुलिस हेडक्वार्टर में आयोजित सीनियर पुलिस अफसरों की बैठक में आयोजन स्थल की सुरक्षा पर विशेष रूप से विचार किया गया।
अफसरों ने डीजीपी को विस्तृत सुरक्षा जानकारी देते हुए बताया कि राजभवन की ओर जाने वाले तमाम रूट पर भी विशेष सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। राजभवन के अलावा एयरपोर्ट रोड सहित शहर के कुछ अन्य महत्वपूर्ण मार्गों पर भी सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।
शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचने वाले मेहमानों के ठहरने के स्थान गेस्ट हाउस में भी सुरक्षाकर्मियों की संख्या बढ़ा दी गई है। डीजीपी ने अफसरों को कहा कि एयरपोर्ट और अन्य मार्गों से पहुंचने वाले वीआईपी की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। खासकर ट्रैफिक पुलिस के अफसरों को तमाम मार्गों पर विशेष इंतजाम करने को कहा है।
डीजीपी ने शपथ ग्रहण समारोह में पार्किंग व्यवस्था की भी समीक्षा की और अफसरों को निर्देश दिए कि वीआईपी वाहनों को प्राथमिकता दी जाए, ताकि किसी प्रकार की दिक्कत न हो। चूंकि समारोह में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेना है, इसलिए ट्रैफिक प्रबंधन बड़ा मुद्दा है।
बैठक में एडीजीपी (सीआईडी) एसएम सहाय, आईजीपी योगिंदर कौल, जगजीत कुमार, दानेश राणा, एसएसजी डायरेक्टर एसए मुज्तबा, डीआईजी अशकूर अहमद वानी, एसएसपी सुनील गुप्ता, वीरेंद्र शर्मा, अशोक कुमार, रोमेश अंग्राल, मोहन लाल, उदय भास्कर बिल्ला, एसपी रोमेश कोतवाल, शहजाद सलारिया, नसीर अहमद, अरुण गुप्ता, मनता शर्मा, अजीत लाल डोगरा, शमशेर हुसैन और आईजी के एसओ अशोक कुमार आदि उपस्थित थे।