दरबार मूव की तैयारियों में लगे श्रमिक और कर्मचारी वीरवार को सरकारी छुट्टी के बावजूद भी तैयारियों में जुटे। सचिवालय और इसके आसपास के अलावा शहर की सड़कों की मरम्मत और साफ सफाई से लेकर रंग रोगन का काम जारी रहा।
ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में दरबार मूव कार्यालय 31 अक्तूबर से बंद हो चुके हैं। अब शीतकालीन राजधानी जम्मू में दरबार सजना है। कोई कमी न रह जाए, इसके लिए छुट्टी पर भी तैयारियों को अंतिम रूप देने का काम जारी रहा। अधिकारियों के अनुसार दरबार मूव के साथ करीब आठ हजार मुलाजिम जम्मू में शिफ्ट होने हैं।
मुलाजिमों और अधिकारियों के लिए शीतकालीन राजधानी में लगभग सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इसी तरह दरबार मूव से जुड़े कार्यालय जिसमें पुलिस मुख्यालय, आयोगों के कार्यालयों में भी सजावट और जरूरी मरम्मत का काम अंतिम चरण में है।