दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले में आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन के एक आतंकी को सुरक्षाबलों ने गिरफ्तार किया। इसके पास से हथियार तथा गोला-बारूद बरामद किए गए हैं। शोपियां जिले के एएसपी अफ रोज अहमद ने बताया कि एक इनपुट के आधार पर शोपियां पुलिस ने सेना की 62 राष्ट्रीय रायफल्स (आरआर) और सीआरपीएफ की 18 बटालियन के साथ मिलकर जिले के मल्डेरा के पास नाका लगाया था।
सुबह करीब 10:30 बजे एक गाड़ी मल्डेरा से उरपारा की ओर जा रही थी, जिसे नाके पर रुकने के लिए कहा गया, लेकिन उसने मौके से भागने की कोशिश की। कुछ दूरी तक पीछा कर उसे रोक लिया गया। तलाशी के दौरान चालक से एक पिस्टल, एक मैगजीन और 9 राउंड बरामद हुए।
पकड़े गए शख्स की शिनाख्त शाहिद अहमद वानी के तौर पर हुई है। शुरुआती पूछताछ में आतंकी ने कबूला कि वह हिज्ब के साथ काम करता है और इस गाड़ी में वह अक्सर आतंकियों को एक जगह से दूसरी जगह ले जाया करता था। पुलिस के अनुसार इसका पकड़ा जाना संगठन के लिए झटका है। पुलिस के अनुसार आतंकियों के खिलाफ मुहिम फिलहाल जारी रहेगी।