सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) अरुण कुमार के अनुसार सीमा पार पाकिस्तान में पाक सेना की हरकत बढ़ी है। अगर युद्ध जैसे हालात बने तो भारतीय जवान जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। हम पाकिस्तान को गोली का जवाब गोली से देंगे।
पश्चिमी फ्रंटियर के एडीजी पलौड़ा स्थित फ्रंटियर हेडक्वार्टर में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उनके अनुसार उड़ी हमले के बाद हीरानगर सेक्टर में पाक रेंजरों के सहयोग से आतंकियों का एक दल घुसपैठ करने के प्रयास में था।
हीरानगर के बबिया पोस्ट से 20-21 अक्तूबर की रात को आतंकी तारबंदी के करीब आ गए थे। दल पांच-छह आतंकियों का था। पोस्ट पर तैनात गुरनाम सिंह ने इन आतंकियों के प्रयास को नाकाम कर दिया और एक आतंकी को मार गिराया।