संवाद न्यूज एजेंसी
बाड़ी ब्राह्मणा। ब्लॉक की पंचायत मीन सरकार के हाई स्कूल में बिजली विभाग की लापरवाही से नौनिहाल काफी दहशत में पढ़ाई कर रहे हैं। स्कूल में लगा बिजली का पोल लंबे समय से तिरछा है, जिसमें लगी तारें काफी जर्जर हैं, तेज हवा चलने या बारिश होने पर बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहती है। खास बात यह है कि बिजली विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
हाई स्कूल के प्रधानाचार्य भारत प्रसाद ने बताया कि यह लोहे का खंभा लंबे समय से स्कूल के अंदर लगा है, जोकि तिरछा हो चुका है। इसमें लगीं तारें भी जर्जर हो चुकी हैं। बारिश होने और तेज हवा चलने से शॉर्ट सर्किट होने की आशंका बनी रहती है। इस संबंध में बिजली विभाग को कई बार अवगत करवाया गया और कई पत्र भी लिखे, इसके बावजूद कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उनकी तरफ से हमेशा आश्वासन ही दिए जाते हैं कि खंभा हटा दिया जाएगा।
सरपंच भारत भूषण ने बताया कि प्रधानाचार्य द्वारा उन्हें कई बार इस समस्या से अवगत करवाया। बिजली विभाग में जाकर कई बार खंभे को हटाकर दूसरा लगाने को कहा, लेकिन बिजली विभाग की तरफ से कहा जाता है कि उनके पास खंभे नहीं हैं, जो बड़ी चिंता का विषय है, जिससे स्कूल में पढ़ रहे बच्चे दहशत में हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
-
इस समस्या को लेकर स्कूल के प्रधानाचार्य द्वारा अवगत करवाया गया है। विभाग के पास वहां लगाने के लिए खंभा नहीं है। इस समस्या पर गौर किया जाएगा और जल्द से जल्द इस समस्या को हल करने का प्रयास करेंगे।
-गोपाल दास, जेई, बिजली विभाग