High alert on International Border
सांबा। पाकिस्तान की ओर से भारतीय सीमा में बडे़ पैमाने पर घुसपैठ की योजना बनाई गई है। इसके इनपुट मिलने के बाद आईबी पर जवानों को हाई अलर्ट कर दिया गया है। सीमा की निगरानी में जुटे जवानों को अति सतर्क रहने के निर्देश जारी किए गए हैं।
हीरानगर सेक्टर में पाक रेजरों की ओर से जारी गोलाबारी के चलते सांबा सेक्टर में भी जवान मुस्तैदी के साथ सीमा पर निगरानी रख रहे हैं। यही नहीं घुसपैठ के पुराने मार्गों पर अति चौकसी बरती जा रही है। उधर, सीमावर्ती ग्रामीण भी सतर्क हो गए हैं। बीएसएफ के एक अधिकारी ने बताया की उनके जवान किसी भी घुसपैठ की कोशिश को सफल नहीं होने देंगे।
उधर, सुरक्षा एजेंसियों को अंदेशा है कि कहीं पाक रेंजर आईएसआई की मदद से जमीन के भीतर सुरंग का निर्माण भी कर सकते हैं। इसके लिए कई क्षेत्रों में भारी सरकंडा भी है, जहां से घुसपैठ का अंदेशा रहता है। शुक्रवार को दिन भर सेना के चॉपर सीमा की निगरानी में जुटे रहे। कुल मिलाकर आईबी पर अति सतर्कता बरती जा रही है।