हीरानगर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के उस पार पाकिस्तानी गांव में लगातार तीन-चार लोगों की संदिग्ध हलचल देखी जा रही है। वहीं सांबा सेक्टर में भी सीमापार से आतंकी का एक ग्रुप घुसपैठ की फिराक में हैं। इसके चलते सुरक्षा एजेंसियों ने अलर्ट जारी कर दिया है।
दरअसल, हिजबुल आतंकी बुरहान वानी के खात्मे के बाद से पाकिस्तान में बैठे उनके आका बौखलाए हुए हैं। एक ओर जहां कश्मीर में माहौल बिगाड़ कर सुरक्षा एजेंसियों का ध्यान भटकाया जा रहा है, वहीं लगातार एलओसी और अंतरराष्ट्रीय सीमा से घुसपैठ कराने की साजिश रची जा रही है।
बीते दिनों एलओसी में लगातार घुसपैठ की कोशिशें नाकाम होने के बाद आतंकियों ने अब अंतरराष्ट्रीय सीमा की ओर रुख किया है। सुरक्षा एजेंसियों द्वारा जारी हालिया इनपुट में कठुआ और सांबा जिले में लांचिंग पैड पर बैठकर सीमा की रैकी करते संदिग्ध लोगों की हलचल देखा गया।
हीरानगर सेक्टर में जहां पहाड़पुर के ठीक सामने पड़ते अभियाल डोगरा गांव में तीन से चार नौजवानों को कई बार संदिग्ध रूप से घूमते हुए देखे जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हुई हैं। वहीं सांबा सेक्टर में भी चार से पांच आतंकियों के एक ग्रुप को लेकर अलर्ट जारी है।
खुफिया सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार आतंकी बारिश के दिनों में सीमा पर फेंसिंग को होने वाले नुकसान का फायदा उठाने की फिराक हैं। बताया जाता है कि आतंकी अमरनाथ यात्रियों, सुरक्षा बलों, बड़े संस्थानों के अलावा अब पंद्रह अगस्त से पहले किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की कोशिश में हैं।
27 जुलाई को संदिग्ध हलचल देखे जाने के बाद आने वाले तीन से चार दिन के भीतर घुसपैठ की कोशिश को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। इनपुट में साफ है कि आतंकी घुसपैठ के लिए किसी नाले का प्रयोग कर सकते हैं, जिसमें बसेरा नाले को लेकर विशेष एहतियात बरतने के लिए भी अलर्ट दिया गया है।