आतंकी हमले की आशंका को ध्यान में रखते हुए श्रीनगर में सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा किया गया है। कई जगहों पर नाकों पर की संदिग्धों की तलाशी ली जा रही है। सुरक्षा बलों के जवानों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
श्रीनगर के बाहरी क्षेत्र नौगाम में शुक्रवार शाम पुलिस पार्टी पर हुए हमले के बाद से ही श्रीनगर शहर और बाहरी क्षेत्रों में सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है। सभी सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर जवानों को सतर्कता बरतने को कहा गया है।
एक आला सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि हाल ही में आतंकी गतिविधियों में बढ़ोतरी और कल शाम नौगाम में हुए आतंकी हमले को ध्यान में रखते हुए यह अंदेशा है कि आतंकी श्रीनगर या उसके आसपास के इलाकों में अपनी मौजूदगी दर्ज करने के लिए किसी घटना को अंजाम दे सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इस सबको ध्यान में रखते हुए संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाने के साथ-साथ कड़ी नजर रखी जा रही है। साथ ही कई जगहों पर नाके लगाए गए है,ं जहां संदिग्ध लोगों और वाहनों की तलाशी ली जा रही है, ताकि आतंकियों के नापाक मंसूबों को नाकाम बनाया जा सके।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से उत्तरी और दक्षिणी कश्मीर में आतंकी घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। अभी तक इस दौरान आठ आतंकी मारे जा चुके हैं।