घाटी में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त
- फोटो : PTI
शहर के वीवीआईपी इलाका राममुंशी बाग में संदिग्ध आतंकियों की मौजूदगी के बाद से सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट रहने के निर्देश जारी किए गए हैं। घाटी में लगातार हो रहे आतंकी हमलों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सभी संवेदनशील इलाकों में नाके लगाए जा रहे हैं और गश्त भी बढ़ा दी गई है।
सूत्रों के अनुसार रविवार देर रात श्रीनगर के वीवीआईपी इलाके राममुंशी बाग में बाइक सवार आतंकियों ने पुलिस नाके पर कुछ फायर किए थे। आतंकियों की तलाश को सुरक्षा बलों ने व्यापक स्तर पर अभियान छेड़ा था। सोमवार को पुलिस द्वारा इस घटना पर स्पष्टीकरण दिया गया।
कहा गया कि राममुंशी बाग इलाके में रविवार देर रात पुलिस की नाका पार्टी ने एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने के लिए इशारा किया था। जब वह नहीं रुका, तो पुलिस ने उसका पीछा किया। इस दौरान कुछ राउंड फायर किए गए। इसके बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।
फायरिंग से स्थानीय लोगों और पर्यटकों में दहशत फैल गई थी। घटना के तुरंत बाद मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध की तलाश की गई। पुलिस ने संदिग्ध आतंकी का दुर्गा नाग इलाके तक पीछा किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया।
दुर्गा नाग इलाके में काफी संख्या में पर्यटक मौजूद थे। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस घटना पर पुलिस ने आंतरिक जांच शुरू कर दी है, ताकि यह पता लग सके कि नाका पार्टी का दावा सही था या गलत।