बीते एक पखवाड़े के दौरान आतंकियों द्वारा ट्रक चालकों को निशना बनाए जाने की चौथी घटना है। पुलिस ने इलाके की नाकेबंदी कर आतंकियों की तलाश शुरू कर दी है। इससे पहले सोमवार को दोपहर बाद 4:15 बजे आतंकियों ने सोपोर बस स्टैंड के नजदीक भीड़भाड़ वाले इलाके में होटल प्लाजा में एक-एक कर दो ग्रेनेड फेंके, जिसमें 20 नागरिक घायल हो गए।
छह घायलों को इलाज के लिए श्रीनगर भेजा गया है। एक घायल महिला की हालत नाजुक है। जहां यह घटना हुई, वह काफी भीड़भाड़ वाला इलाका है। धमाके के वक्त यहां दुकानें खुली हुई थीं। तमाम लोग वहां लगे मेवे और सब्जी के ठेलों से खरीदारी कर रहे थे। धमाका होने के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। चारों ओर खून बिखरा पड़ा था। लोग जमीन पर पड़े हुए कराह रहे थे।
धमाका होते ही स्थानीय लोग मदद के लिए आगे आए और सुरक्षाबलों ने उनके सहयोग से घायलों को अस्पताल भेजा। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायलों में दो महिलाएं भी हैं। गंभीर रूप से घायल छह लोगों को बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों का इलाज उप जिला चिकित्सालय में सोपोर में चल रहा है।