इंटरनेशनल बार्डर और लाइन आफ कंट्रोल पर घुसपैठ की आशंका के बीच शहर में भी अलर्ट जारी कर दिया गया। वीरवार को शहर के जगह-जगह पर पुलिस की ओर से नाके लगाकर वाहनों की जांच की गई। इसमें यातायात पुलिस ने भी सहयोग दिया और कई जगहों पर नाके लगाए। शहर के सभी थानों और पुलिस चौकियों के प्रभारियों के नेतृत्व में नाके लगाए गए।
सुरक्षा एजेंसियों के पास आईबी पर घुसपैठ के इनपुट पहुंचे हैं। इसे लेकर एजेंसियों ने सरकार को सुरक्षा के इंतजाम पुख्ता करने के लिए कहा। शहर के रेलवे स्टेशन, बाहु प्लाजा, पुराने शहर, बीसी रोड, गांधीनगर, त्रिकुटा नगर में नाके लगाए गए। शहर के आसपास के इलाकों से जोड़ने वाले नाकों पर भी जांच की गई।
आरएस पुरा, कठुआ, अखनूर, उधमपुर की तरफ जाने वाले रास्तों पर पुलिस ने जांच की। सुरक्षा एजेंसियों से मिली जानकारी के अनुसार आईबी पर आतंकियों के घुसपैठ करने के बाद जम्मू को निशाना बनाने की साजिश है। खासकर आरएस पुरा और अखनूर सेक्टर से घुसपैठ कर शहर को निशाना बनाया जा सकता है।