क्रास एलओसी ट्रेड के नाम पर पीओके से ड्रग्स की तस्करी का शुक्रवार को भंडाफोड़ किया गया है। उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिला स्थित सलामाबाद ट्रेड सेंटर में छापेमारी कर पुलिस द्वारा साढ़े 66 किलो हेरोइन जब्त की गई। पाक अधिकृत कश्मीर से आए एक ट्रक में यह खेप छिपाई गई थी ।
पुलिस द्वारा ड्राइवर गिरफ्तार कर ट्रक सीज कर लिया गया है। घटना की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। एसएसपी बारामुला इम्तियाज हुसैन के अनुसार इस खेप की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 300 करोड़ है।एक सूचना के आधार पर जम्मू कश्मीर पुलिस द्वारा जिले के उड़ी स्थित सलामाबाद ट्रेड सेंटर में छापेमारी की गई।
इस दौरान ट्रक नंबर एजेके-एक्सए-267 की तलाशी में डिब्बों में छिपाई गई हेरोइन बरामद की गई। यह ट्रक पाक अधिकृत कश्मीर से क्रास एलओसी ट्रेड में सामान लेकर इस पार आया था। सूत्रों ने बताया कि इन डिब्बों को विशेष रूप से तस्करी के लिए तैयार किया गया था।