जम्मू। नशे के कारोबार पर नकेल कसते हुए पुलिस ने शुक्रवार को बाहु फोर्ट थाना के अंतर्गत दो मामलों में लगभग 636 ग्राम हेरोइन बरामद कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी कश्मीर के हैं। पुलिस ने एनडीपीएस के तहत एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार नरवाल में जांच के दौरान सफेद रंग की कार को रोका। मुश्ताक अहमद शेख निवासी अनंतनाग से करीब 309.78 ग्राम हेरोइन मिली। मौके पर ही आरोपी को काबू कर कार और हेरोइन को कब्जे में लिया और बाहु फोर्ट थाने में प्राथमिकी की।
नरवाल चौकी की टीम ने एसआरटीसी पेट्रोल पंप के पीछे जांच के दौरान कार को रोका जो ट्रांसपोर्ट नगर से वेव मॉल की तरफ आ रही थी। चालक ने भगाने की कोशिश की, पर पुलिस ने उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान परवेज अहमद से 307 ग्राम और सहचालक नासिर अहमद से 20 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। दोनो आरोपी बारामुला के रहने वाले हैं। एक डिजिटल तौल मशीन भी जब्त की गई। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में बरामद मात्रा व्यावसायिक श्रेणी की है जिससे नशा तस्करी गिरोह का खुलासा होने की संभावना है।