श्रीनगर। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के कालारूस इलाके में भारी बर्फबारी के बीच सेना ने एक गर्भवती महिला को बचाया। सेना के एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार रात करीब 8:30 बजे सेना को सरकुली गांव के सरपंच मरियम बेगम ने एक गर्भवती महिला के तत्काल बचाव और चिकित्सा सुविधा पहुंचाने का आग्रह किया।
गर्भवती महिला की स्थिति काफी गंभीर थी, लेकिन बर्फबारी के कारण सड़क मार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध था। कम दृश्यता की स्थिति में वाहनों के भी सड़क से फिसलने की संभावना थी, इस वजह से परिवार को मदद नहीं मिल पा रही थी।
सैन्य अधिकारियों ने गंभीरता को देखते हुए कालारूस सीओबी से बचाव दल और मेडिकल टीम को तुरंत सरकुली गांव में भेजा। सड़क पर भारी बर्फ और ओले गिरने के बावजूद बचाव दल ने समय पर पहुंचकर पीड़ित महिला को सुरक्षित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कालारूस पहुंचाया। पीएचसी की चिकित्सा टीम ने भी मरीज का तत्काल इलाज शुरू कर दिया और उसकी जान बचाई। परिवार और डॉक्टरों ने सेना की त्वरित कार्रवाई और समय पर सहायता के लिए आभार जताया है।