चॉपर में जम्मू से राजोरी और पुंछ जाएंगे मुसाफिर
- फोटो : अमर उजाला
बुधवार को राजोरी और पुंछ से जम्मू के बीच हेलीकाप्टर सेवा शुरू हो गई। इससे इन दो जिलों के लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो गई। बुधवार को फूड सप्लाई एवं कंज्यूमर अफेयर्स मामले के मंत्री चौधरी जुल्फकार अली ने जम्मू से पुंछ के लिए चॉपर सेवा का उद्घाटन किया।
सुबह दस बजे मंत्री, एमएलसी विबोध गुप्ता और डीसी राजोरी डॉ. शाहिद इकबाल चौधरी पहली उड़ान से जम्मू से राजोरी पहुंचे। राजोरी में एमएलए कमर हुसैन चौधरी, एसएसपी राजोरी युगल मन्हास सहित प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न सियासी पार्टियों के जिला प्रधान सहित शहर के वरिष्ठ नागरिकों ने पवन हंस के हेलीकॉप्टर का स्वागत किया।
एमएलसी ने हवाई सेवा का श्रेय केंद्र को देते हुए बताया कि पवन हंस एक घंटे का एक लाख रुपये चार्ज करेगा। पांच यात्रियों का किराया मात्र दस हजार रुपये बनता है और अन्य 90 हजार रुपये केंद्र वहन करेगा। फिलहाल हफ्ते में दो बार ही सेवा दी जाएगी, लेकिन यदि यात्रियों की संख्या में वृद्धि हुई तो हर दिन उड़ानें होंगी।