उधमपुर/रामबन। रामबन के डलवास में भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग दूसरे दिन भी बंद रहा। उधमपुर व रामबन में हजारों की संख्या में वाहनों को रोक कर रखा गया। चालकों ने दिन भर राजमार्ग के खुलने का इंतजार किया, लेकिन शाम तक राजमार्ग नहीं खुल सका और सभी निराश हो गए। वहीं डलवास में बारिश के कारण राजमार्ग खोलने का काम दिन भर प्रभावित रहा। अब वीरवार को मौसम में सुधार होने के बाद ही राजमार्ग के खुलने की संभावना है।
गौरतलब है कि मंगलवार सुबह डलवास में बारिश के दौरान भूस्खलन होने पर राजमार्ग बंद हो गया था। इसके बाद उधमपुर व रामबन में हजारों की संख्या में वाहनों को रोक दिया गया था। खराब मौसम के कारण दिन भर राजमार्ग नहीं खुल सका था। बुधवार को दूसरे दिन भी यही स्थिति बनी रही। सुबह से ही बारिश जारी थी और राजमार्ग का निर्माण कर रही कंपनी की मशीनरी मलबा हटाने और वैकल्पिक मार्ग तैयार करने का काम नहीं कर पाई। शाम तक बारिश होती रही और राजमार्ग के खुलने का काम प्रभावित रहा। उधमपुर में रोके गए ट्रकों के चालकों ने दिन भर राजमार्ग के खुलने का इंतजार किया, लेकिन शाम तक राजमार्ग नहीं खुल सका।
रोके जाने के बाद चालकों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। चालकों का कहना था कि करीब सप्ताह से राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही बुरी तरह से प्रभावित है। इससे पहले राजमार्ग बंद होने पर चार दिन तक ट्रकों को उधमपुर और जम्मू में रोक कर रखा गया था। सोमवार को चार दिन बाद ट्रकों को घाटी जाने की अनुमति मिली थी। अभी फंसे हुए सभी ट्रक घाटी की तरफ रवाना हुए नहीं थे कि मंगलवार को फिर से राजमार्ग बंद हो गया है। कुछ ट्रक तो ऐसे हैं, जोकि एक सप्ताह से उधमपुर और जम्मू में फंसे हुए हैं और इनमें रखा सामान भी खराब होने लगा है। अगर जल्द राजमार्ग नहीं खुलता है तो उनको बहुत ज्यादा नुकसान झेलना पड़ सकता है।