उधमपुर/रामबन। भारी बारिश जम्मू श्रीनगर नेशनल हाईवे पर पड़ता दिखाई दे रहा है जहां दूसरे दिन भी रामबन-बनिहाल सेक्टर में यातायात प्रभावित हुआ है जिससे हाईवे पर कई किलोमीटर लंबी वाहनों की कतारें लगी रहीं। वहीं, उधमपुर के जखैनी में भी घाटी की ओर जाने वाले वाहन रोके गए हैं। शनिवार दोपहर बाद भारी बारिश एवं पहाड़ से पत्थर गिरने एवं भूस्खलन के कारण वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई जिसके बाद रातभर यातायात ठप रहा। वीरवार सुबह प्रशासन ने करीब 12 बजे यातायात बहाल कर दिया, लेकिन पांच घंटे के भीतर पंथेयाल क्षेत्र में शूटिंग स्टोन होने के कारण नेशनल हाईवे बंद हो गया।
इस दौरान हाईवे पर सफर कर रहे मुसाफिरों, बच्चों, बुजुर्गों एवं मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि जब से फोर लेन सड़क परियोजना निर्माण कार्य शुरू किया गया है तब से हाईवे पर भूस्खलन की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है जिसका खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है । उन्होंने केंद्र सरकार एवं उप-राज्यपाल से जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर रामबन व बनिहाल में जारी निर्माण को जल्द पूरा करने की मांग की है।
रेंग-रेंग कर चलते रहे वाहन
रामबन व बनिहाल के बीच विभिन्न स्थानों पर पस्सियां गिरने से शनिवार शाम को बंद हुआ राष्ट्रीय राजमार्ग रविवार दोपहर करीब 12 बजे खुला। इस दौरान सबसे पहले रामबन के आसपास फंसे वाहनों को घाटी और जम्मू की तरफ रवाना किया गया। जैसे ही सैकड़ों की संख्या में वाहन एक साथ चलना शुरू हुए तो जाम की स्थिति पैदा हो गई और इसके बाद रात तक रेंग-रेंग कर वाहन चलने को मजबूर रहे। वहीं उधमपुर में रोके गए वाहनों को दूसरे दिन भी घाटी की तरफ जाने की अनुमति नहीं मिली।
गौरतलब है कि मौसम खराब होने के बाद तीन दिन से राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित है। रामबन के विभिन्न हिस्सों में पहाड़ से पत्थर गिरने के कारण कई बार राजमार्ग बंद हुआ और कई बार इसको खोला गया। शनिवार शाम करीब चार बजे मौसम ज्यादा खराब होने पर पहाड़ से पत्थर व पस्सियां गिरने के कारण राजमार्ग पूरी तरह से बंद हो गया था। इसके बाद रामबन व उधमपुर में सैकड़ों की संख्या में वाहन फंस गए थे। रविवार को सुबह होते ही फोरलेन राजमार्ग का निर्माण कर रही कंपनी की मशीनरी ने राजमार्ग को खोलने का काम शुरू कर दिया और घंटों की मशक्कत के बाद दोपहर करीब 12 बजे राजमार्ग केे खोलने में कामयाबी मिली।
सुविधाएं नहीं मिलने से उधमपुर में चालक परेशान
उधमपुर में रोके गए यात्री वाहन और ट्रकों के चालकों ने दिन भर आगे जाने की अनुमति मिलने का इंतजार किया, लेकिन पुलिस किसी को भी घाटी की तरफ रवाना नहीं किया। खाने पीने के साथ शौचालय की सुविधा न मिलने के कारण चालक व यात्री दिन भर परेशान रहे। पुलिस के अनुसार अगर रामबन में यातायात ठीक हो जाता है तो यात्री वाहनों को आगे की तरफ रवाना कर दिया जाएगा, लेकिन ट्रकों को आज नहीं छोड़ा जाएगा। राजमार्ग यातायात पूरी तरह से सुचारु रूप से चलने के बाद ही ट्रकों को आगे जाने की अनुमति मिलेगी।