2 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के दौरे पर आएंगे पीएम मोदी
- फोटो : File Photo
2 अप्रैल को पीएम नरेंद्र मोदी जम्मू-कश्मीर के दौरे पर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर पुलिस ने उधमपुर शहर में सुरक्षा व्यवस्था को तेज करना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को पुलिस ने शहर के विभिन्न हिस्सों में नाके लगाकर तलाशी अभियान छेड़ा और वाहनों की तलाशी की। इसके साथ पुलिस व सीआरपीएफ ने उधमपुर से लेकर चिनैनी तक राजमार्ग पर सुरक्षा को बढ़ा दिया है।
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था में कोई कमी नहीं रखना चाहती है। इसलिए दौरे से दस दिन पहले ही शहर के विभिन्न हिस्सों में सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है। शहर में प्रवेश करने वाले स्थानों पर सुरक्षा को बढ़ाया गया है। शहर के एमएच चौक और जखैनी चौक इलाके में डीएसपी प्रोबेशनर आदिल शेख ने अपनी टीम के साथ विशेष तौर तलाशी अभियान छेड़ कर वाहनों की तलाशी ली। वाहन के अंदर बैठे यात्रियों के पहचान पत्र देखे गए। अंदर रखे गए सारे सामान की अच्छी तरह से तलाशी ली गई। जवानों के साथ पुलिस अधिकारी खुद भी वाहनों के अंदर सामान की जांच कर रहे हैं।
तलाशी अभियान के साथ ही पुलिस और सीआरपीएफ ने रात के समय शहर की गश्त को भी बढ़ा दिया है। शहर के ज्यादातर हिस्सों में रात को गश्त करने वाले जवानों की संख्या में बढ़ोतरी की गई है। इसके साथ ही राजमार्ग पर भर भी सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ाया गया है। उधमपुर से लेकर चिनैनी तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर सीआरपीएफ ने अपनी गश्त को तेज कर दिया है। राजमार्ग के किनारों पर स्थित ग्रामीण इलाकों में भी सुरक्षा एजेंसियों ने पूरी नजर रखी हुई है।