जम्मू संभाग में पिछले दो दिनों से बारिश हो रही है। वहीं आगामी दो दिनों में अधिक मानसून की बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू संभाग में सुबह मंगलवार साढ़े आठ बजे तक 20 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई।
वहीं, जम्मू जिले में 32.1 मिमी बारिश रिकार्ड की गई, जबकि संभाग में सबसे अधिक 47 मिमी से ज्यादा रियासी जिले में वर्षा आंकी गई। उधर, उधमपुर जिले में आठ मिमी से अधिक बारिश दर्ज हुई है, जबकि कठुआ, सांबा एवं राजोरी में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई।
शेर-ए-कश्मीर कृषि विश्वविद्यालय जम्मू के मौसम एवं कृषि वैज्ञानिक प्रो. बीसी शर्मा ने बताया कि आगामी दो दिनों तक पूरे संभाग में अच्छी बारिश होने की संभावना है। उन्होंने किसानों को हिदायतें दी हैं कि ऐसी स्थिति में खासकर मक्की के खेतों में पानी इकट्ठा नहीं होने दिया जाना चाहिए। अधिक बारिश से मक्की के खेतों में पानी जमा हो जाने से फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रहती है, लिहाजा किसानों को इसका ध्यान रखना होगा।