प्रशासन ने खासकर ऊंचाई वाले इलाकों में रहने वाले लोगों और नदियों, नालों व अन्य जलस्रोतों के आसपास रहने वालों को सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को मौसम खराब रहने के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
रामबन के अलावा पड़ोसी उधमपुर जिले में भी कई जगह बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। लगातार बारिश और बादल छाए रहने के कारण जम्मू और कश्मीर दोनों संभागों में मौसम सुहावना हुआ लेकिन कई इलाकों में उमस का स्तर काफी अधिक रहा।
श्रीनगर में तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि जम्मू में 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा। गुलमर्ग 10.6 डिग्री सेल्सियस के साथ क्षेत्र का सबसे ठंडा स्थान रहा। पहलगाम में 14.2, कटरा में 20.8 और बनिहाल में 17.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
अगले पांच दिन भी सतर्क रहने की जरूरत
मौसम विभाग के पांच दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आ सकती है और दक्षिणी तथा पूर्वी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं।
पहाड़ी क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर अचानक बाढ़, भूस्खलन और मलबा गिरने का खतरा भी बना हुआ है। ऐसे में संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को मौसम विभाग और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।