आरएस पुरा। देशभर में बुधवार से 12 से 14 साल के बच्चों को वैक्सीन लगना आरंभ होने पर उपजिला अस्पताल व बनाए अन्य केंद्रों पर वैक्सीन लगाई गई। पहले दिन काफी कम संख्या में बच्चे वैक्सीन लगवाने पहुंचे। कार्यकारी ब्लॉक मेडिकल अधिकारी मनोज गुप्ता ने कहा कि अभिभावकों को चाहिए कि बिना किसी भय के 12 से 14 साल के बच्चों को वैक्सीन लगवाएं। उन्होंने कहा कि इसके अलावा 60+ आयु के लोगों को भी डोज लगाई जा रही है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12-14 आयु वर्ग के युवाओं और 60 से ऊपर के सभी लोगों से टीकाकरण कराने का आग्रह किया था। उन्होंने कहा कि देश के नागरिकों को टीका लगाने के लिए आज का दिन एक महत्वपूर्ण दिन है।
12 से 14 वर्ष के 724 बच्चों को लगाई वैक्सीन
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। कोरोना से लड़ने के लिए विभिन्न आयु लोगों के लिए वैक्सीन दी गई है। सबसे पहले 60 वर्ष के ऊपर के लोगों को वैक्सीन दी गई। बाद में 40 वर्ष को, फिर 18 वर्ष के ऊपर। उसके बाद 15 से 18 वर्ष के छात्रों को वैक्सीन दी गई है।
सरकार की ओर से सभी को तंदरुस्त रखने के उद्देश्य से अब 14 वर्ष आयु वर्ग के छात्रों को भी कोरोना वैक्सीन उपलब्ध कराई गई है। जो बुधवार से छात्रों को लगाई जा रही है। इसके लिए विभिन्न ग्रुप में स्कूलों को बांटा गया है। डिप्टी सीएमओ डॉ. संजे शर्मा ने बताया कि पहले दिन जिले के 12 से 14 वर्ष के 724 छात्रों को कोरवाबैक्स वैक्सीन की खुराक दी गई है।