एक्स-रे करवाने के लिए पहुंची महिला अपने परिजनों के साथ
आरएस पुरा। उपजिला अस्पताल में कई दिन से एक्स-रे मशीन खराब है। ऐसे में यहां पहुंचने वाले मरीजों को उचित स्वास्थ्य लाभ नहीं मिल रहा है। उन्हें बाजार में जाकर एक्स-रे कराने पड़ रहे हैं।
सोमवार को सीमावर्ती क्षेत्र के गांव से पहुंची 80 वर्षीय एक वृद्ध महिला के गिर जाने पर कमर में आई चोट के चलते जब डॉक्टर को दिखाने पहुंची तो एक्स-रे मशीन के तकनीशियन ने कहा कि एक्स-रे मशीन कई दिन से खराब है। ग्रामीणों के साथ गांव बासपुर से पहुंचे सरपंच सुखदेव सिंह काला ने कहा कि सुबह से महिला को लेकर आए हैं। हालत यह है कि महिला चलने के काबिल भी नहीं है। बताया जा रहा है कि जहां एक्स-रे मशीन है वह भवन काफी पुराना है। गत दिनों हुई बारिश के चलते छत से पानी टपकने पर मशीन में खराबी आ गई है। इसलिए फिलहाल अभी मशीन काम नहीं कर रही है। एक्स-रे कर पाना मुश्किल बना है। सरपंच ने कहा कि जिस स्थान पर उप जिला अस्पताल का नया भवन बनाया गया है वहां एक्स-रे मशीन लगानी चाहिए।
-----------
भवन पुराना होने पर दिक्कत आ रही है। दूसरे स्थान पर एक्स-रे मशीन लगवाए जाने के साथ विभागीय उच्च अधिकारियों को जानकारी दी गई है ताकि लोगों की उपजिला अस्पताल में सुचारु रूप से एक्स-रे हो सके।
-मनोज गुप्ता, कार्यकारी अधिकारी