रियासी। ग्रामीण क्षेत्र खैलकोट में आयोजित किए गए बसंतर भंडारे का खाना खाकर बीमार हुए लोगों में से ज्यादातर ग्रामीणों को शनिवार दोपहर को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। कुछ लोगों की तबियत को देखते हुए उन्हें अभी अस्पताल में ही रखा गया है, जिनको शनिवार को घर भेजा जाएगा। बीमार हुए सभी ग्रामीणों को जिला अस्पताल में उपचार की व्यवस्था दी गई। इसके अलावा गांव में भी स्वास्थ्य विभाग की एक टीम ने मौके पर पहुंच कर स्थिति को संभाला है।
गौरतलब है कि तीन दिन पहले खैलकोट के रहने वाले एक स्थानीय निवासी के घर पर बसंतर भंडारे का आयोजन किया गया था, जिसमें गांव के लोग भोजन खाने के लिए आमंत्रित किए गए थे। खाना खाने के बाद गांव के कई लोगों को उल्टी व दस्त की शिकायत शुरू हो गई। एक दिन तक ग्रामीणों ने अपने स्तर पर ही उपचार किया ठीक नही होने के बाद शुक्रवार को बीमार ग्रामीण स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचे। इसके साथ ही इतनी ज्यादा तादाद में लोगों के बीमार होने की सूचना विभाग को भी दी गई, जिसके बाद मौके पर एक टीम ने पहुंच कर ग्रामीणों का उपचार शुरू किया। चालीस के करीब ग्रामीणों को जिला अस्पताल में लाया गया था।