- रोज 1200 के आसपास ओपीडी, 20% मरीज सांबा, डोडा, राजोरी, कठुआ, उधमपुर जिलों के
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। फेफड़े, किडनी, मुंह के कैंसर के साथ ही हृदय रोग, सांस की बीमारियों के इलाज के लिए जम्मू संभाग के कई जिलों से लोग जीएमसी जम्मू पर निर्भर हैं। अन्य जिलों के 20 फीसदी मरीजों की संख्या रोज की है जो वहां से रेफर होकर आते हैं। इन जिलों में सांबा, कठुआ, राजोरी, डोडा, उधमपुर से आने वाले मरीजों की संख्या अधिक होती है।
कैंसर के इलाज के लिए राज्य कैंसर संस्थान जम्मू में स्थापित है। यहां ऑपरेशन के साथ ही जरूरी जांच और कीमोथिरेपी की सुविधा मिलने से बड़ी संख्या में मरीज रेफर होकर आ रहे हैं। फेफड़ाें से जुड़ी बीमारियों, सर्जरी, किडनी की सर्जरी, बाईपास सर्जरी के लिए भी जीएमसी जम्मू व सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में आने वाले मरीजों की संख्या 26 प्रतिशत तक है। हड़्डी जनित रोगों से इलाज के लिए भी 10 से 15 प्रतिशत मरीज रेफर होकर आते हैं।
जीएमसी जम्मू के सुपरिंटेंडेंट डॉ. बीरेंद्र त्रिसल ने बताया कि रोज मेडिकल कॉलेज व अन्य संबद्ध अस्पतालों में अन्य जिलों से रेफर होकर आ रहे मरीजों की संख्या 20 प्रतिशत होती है। इसके पीछे कारण यही है कि सभी सुविधाएं लगातार यहां बिना किसी रुकावट के मिल रही हैं।