जीएमसी जम्मू में सिर्फ इंफेक्शन, गंदगी और गैरहाजिर डाॅक्टर : स्वास्थ्य मंत्री
अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, गंदगी देखकर भड़कीं
पायलट को अलार्म बजाने से रोककर सीधे इमरजेंसी में पहुंची
जम्मू। स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा मंत्री सकीना मसूद (इत्तू) ने शनिवार सुबह जीएमसी जम्मू का औचक निरीक्षण किया। इमरजेंसी वार्ड 1 में अनियमितताओं को देखकर मंत्री ने कहा कि अस्पताल में सालों से इंफेक्शन और गंदगी भरी पड़ी है। उन्होंने इमरजेंसी रोस्टर में ड्यूटी से गैरहाजिर डाॅक्टरों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही।
स्वास्थ्य मंत्री सुबह 11 बजे जब अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर पहुंचीं तो उन्होंने अपने पायलट को अलार्म बजाने पर डांटा। इसके बाद वह सीधे इमरजेंसी में पहुंचीं। उन्होंने वहां पर देखा कि गंदगी भरी पड़ी है। उन्होंने मरीजों का हालचाल जाना और अस्पताल से मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं के बारे में पूछा। इसके बाद वह इमरजेंसी के वार्ड 1 में गई, जहां एक बेड पर पेंट का काम चल रहा था। इसको देखकर मंत्री ने कहा कि पेंट के काम से मरीजों को एलर्जी हो सकती है।
अस्पताल के बाहर पत्रकारों से रूबरू होते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इमरजेंसी में सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। किसी भी अस्पताल में मरीज की चिकित्सा देखभाल में सबसे अहम परिसर की सफाई होती है। अस्पतालों में मरीज इलाज के लिए आते हैं, लेकिन ऐसे गंदगी भरे माहौल में वे ठीक होने के बजाय और बीमार होंगे। मरीज को तत्काल उपचार के लिए अस्पतालों में डाक्टरों की पर्याप्त उपलब्धता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मरीजों की देखभाल से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। गैरहाजिर डाॅक्टरों के खिलाफ कार्रवाई होगी। स्वास्थ्य मंत्री 20 से 25 मिनट तक अस्पताल में रहीं।
निर्माण कार्यों और बारिश के कारण नहीं हो पाई थी पूरी सफाई : प्रिंसिपल
इमरजेंसी के बाहर शेड का निर्माण चल रहा है। इससे रातभर बारिश के बाद ड्रेनेज के कारण थोड़ी गंदगी थी, जिसे साफ करवाया गया है। हमने डाॅक्टरों की हाजिरी देखी है, जिसमें कुछ डाॅक्टर स्वास्थ्य मंत्री के दौरे के दौरान राउंड पर थे। सुबह के समय इमरजेंसी सहित अन्य वार्डों में डाॅक्टरों की अधिक व्यस्तता होती है।
डॉ. आशुतोष गुप्ता, प्रिंसिपल जीएमसी