जम्मू। जम्मू-कश्मीर में अंगदान प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल जम्मू में अंग (रिनल) प्रत्यारोपण की कवायद तेज कर दी गई है। इसके लिए उपयुक्त प्राधिकरण का गठन किया है। स्टेट ऑर्गन एंड टिशू ट्रांसप्लांट आर्गेनाइजेशन (सोटो) की शनिवार को बैठक गई। इसमें जीएमसी की प्रिंसिपल डॉ. शशि सूदन ने कहा कि सोटो को पूरी तरह से संचालित करने पर काम किया जा रहा है। साथ ही उक्त कमेटी में डॉ. शाजिया को शामिल करने का फैसला लिया गया।
नोडल अधिकारी डॉ. इल्यिास शर्मा ने बताया कि बैठक में लैब को आउटसोर्स करने के साथ अन्य मुद्दों को रखा गया। मरीजों के लिए यह चिकित्सा सुविधा शुरू करने के लिए लैब को आउटसोर्स करने पर जोर दिया गया है। इसके साथ प्रत्यारोपण के लिए स्टाफ को प्रशिक्षण देने के निर्देश जारी किए गए हैं।
----------
जीएमसी में रेटिना की सर्जरी शुरू, 13 वर्षीय बच्चे का सफल ऑपरेशन
जम्मू। जीएमसी के नेत्र विभाग में रेटिना की बेहतर सर्जरी सुविधा शुरू कर दी गई है। विभाग में रियासी के एक गांव के 13 वर्षीय बच्चे की सर्जरी की।
विभाग के एचओडी डॉ. सतीश गुप्ता ने बताया कि बच्चा बीते एक साल से एक आंख से देख नहीं पा रहा था। उन्होंने कहा कि रेटिनल डिटैचमेंट में पीड़ित की आंख का पिछला पर्दा अलग हो जाता है। इसके लिए कई कारण रहते हैं। ऐसा होने पर पीड़ित को दिखना बंद हो जाता है। लेकिन सर्जरी में पर्दा जोड़ने पर उसकी आंखों की रोशनी दोबारा आ जाती है। उन्होंने कहा कि बच्चे का सफल ऑपरेशन किया गया है। इससे पहले स्थानीय लोगों को ऐसी सर्जरी के लिए अमृतसर और अन्य दूसरे राज्यों में जाना पड़ता था। लेकिन अब उन्हें यह चिकित्सा सुविधा जीएमसी में ही मिलेगी। कोरोना महामारी के बाद सर्जरी प्रक्रिया में बढ़ोतरी की गई है। इसमें मरीजों को विभिन्न सर्जरी का लाभ दिया जा रहा है।