जम्मू। कैंसर संस्थान समेत चिकित्सा से जुड़ी अन्य परियोजनाओं की प्रगति जानने के लिए बुलाई गई बैठक में मंडलायुक्त डॉ. राघव लंगर ने कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि कैंसर संस्थान के लिए तय की गई समयसीमा पूरी हो चुकी है। समय से काम पूरा करने में विफल रहने वाले ठेकेदारों को नोटिस जारी किया जाए।
जम्मू में सड़क एवं भवन निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक में जानकारी दी गई कि कैंसर संस्थान का मुख्य ढांचा बनकर तैयार है। पहले चरण का निर्माण मार्च 2022 में पूरा हो जाएगा। कैंसर संस्थान के लिए 196 पदों को मंजूरी दी जा चुकी है। इमारत और सुविधाओं पर काम जारी है। बैठक में बोन एंड ज्वाइंट अस्पताल, एसएमजीएस अस्पताल के 275 बिस्तर क्षमता वाले नए मेटर्निटी वार्ड समेत अन्य चिकित्सा संस्थानों से जुड़े निर्माण की जानकारी ली गई। डॉ. लंगर ने कहा कि निर्माण एजेंसी सुनिश्चित करे कि समय से परियोजनाएं पूरी हों। इसमें किसी भी स्तर पर कोताही नजर आती है तो इसके लिए जिम्मेदार ठेकेदार व अधिकारी की जवाबदेही तय की जाए।