अखनूर। सीमावर्ती क्षेत्र में डेंगू के मरीजों की बढ़ोतरी हो रही है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों में क्षेत्र में मरीजों की संख्या नहीं है, जबकि निजी क्लीनिक में मरीजों की संख्या कहीं ज्यादा है। क्षेत्र के लोगों से स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बरतने का आग्रह किया है।
क्षेत्र के सरकारी अस्पतालों में बीमार मरीजों की लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसमें अधिकतर बुखार के मरीज उपचार कराने आ रहे हैं, जबकि उपजिला अस्पताल में डेंगू टेस्ट की सुविधा नहीं होने पर मरीज निजी अस्पतालों में जांच करा रहे हैं। निजी अस्पतालों में कई मरीज उपचार भी करा रहे हैं, वहीं स्वास्थ्य विभाग की तरफ से डेंगू के बचाव के लिए कई हिदायतें जारी की गई हैं।
बीएमओ मोहम्मद सलीम खान ने बताया कि डेंगू के मरीजों की टेस्टिंग जम्मू सरकारी अस्पतालों में होती है। स्थानीय स्तर पर डेंगू मरीजों पहचान नहीं पाती है। अखनूर अस्पताल से कोई भी मरीज अब तक जम्मू रेफर नहीं किया गया।
डॉ. रूप घार ने बताया कि डेंगू के बचाव के लिए जागरूक होना जरूरी है। घरों या अपने आसपास पानी एकत्रित नहीं होने दें। किसी प्रकार के बुखार पर तुरंत डॉक्टर से उपचार कराएं और हिदायतें का पालन करें।