केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर सरकार हाई कोर्ट के फैसले का सम्मान करते हुए राज्य में गोमांस की बिक्री पर प्रतिबंध कड़ाई से लागू करेगी।
कोई पार्टी या संगठन कुछ भी कहे, हाईकोर्ट के फैसले का सम्मान होगा। वे सोमवार को प्रधानमंत्री ऋण योजना के बारे में जम्मू में प्रदेश भाजपा नेताओं को जानकारी देने पहुंचे थे।
केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री ने हाईकोर्ट के बीफ पर प्रतिबंध के फैसले के बाद से रियासत में बवाल और आदेशों की खुलेआम उल्लंघन के बारे में पत्रकारों के सवालों के जवाब में कहा कि रियासत में भाजपा गठबंधन सरकार में शामिल है। ऐसे में राज्य सरकार हाईकोर्ट के फैसले का पूरा सम्मान करेगी। जो भी आदेश का उल्लंघन करेगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।