विकलांग होने के बावजूद रियासत के मक्खन लाल ने राजस्थान में हुई राष्ट्रीय स्तर की युवरानी एथलेटिक समिति अलवर की ओर से करवाई गई प्रतियोगिता में 5000 मीटर स्पर्धा में पहला व 100 मीटर दौड़ स्पर्धा में दूसरा स्थान हासिल कर रियासत का मान बढ़ाया है।
जम्मू विश्वविद्यालय में अर्थशास्त्र में पीजी कर रहे मक्खन लाल ने 40 वर्ष से ज्यादा आयु वर्ग के मुकाबलों में हिस्सा लेकर शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। मक्खन लाल का कहना है कि युवरानी एथलेटिक समिति अलवर की ओर से ओपन चैंपियनशिप नेशनल मीट का आयोजन किया गया था, जिसमें उन्होंने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा दर्शाई है।
मक्खन लाल इससे पहले भी पुणे में हुई 21 किलोमीटर लंबी दौड़ में गोल्ड मेडल जीतने का कारनामा दिखा चुके हैं। उनका अब अगला लक्ष्य पैरा ओलंपिक में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन पूरे विश्व के समक्ष करने का है।
जम्मू जिले की अखनूर तहसील के घार गांव के रहने वाले मक्खन लाल का कहना है कि हाथों के पूरी तरह से काम न करने की वजह से वह क्रिकेट, कबड्डी और अन्य खेलों में अपनी प्रतिभा का सही तरीके से प्रदर्शन नहीं कर पा रहे थे। इसलिए उन्होंने एथलेटिक्स को चुना और अब वह पैरा ओलंपिक में रियासत और देश का नाम ऊंचा करना चाहते हैं।