गुरूवार को कार सवार दो युवकों ने त्रिकुटा नगर थाना क्षेत्र में नहर किनारे शिव मंदिर में स्थित शिव प्रतिमा को गोली मारकर खंडित कर दिया। खबर फैलते ही पुलिस और प्रशासन के हाथ-पैर फूल गए।
पुजारी और दो युवकों की सजगता और पुलिस की तत्परता की बदौलत कुछ ही घंटों में सुरनकोट निवासी दोनों युवकों को अखनूर के पास उस समय गिरफ्तार कर लिया गया जब वे पुंछ की ओर भागने की कोशिश कर रहे थे।
उनके पास से 12 बोर की वह बंदूक भी बरामद की गई जिससे गोली चलाई गई थी। पुलिस के अनुसार इस बंदूक का लाइसेंस एक आरोपी के पिता के नाम है। पुलिस ने लॉ के छात्र एक आरोपी को मानसिक रूप से बीमार बताया है। दूसरा आरोपी एक निजी कंपनी में काम करता है।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या के प्रयास, भावनाएं भड़काने समेत अनेक धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। हिंदू संगठनों ने घटना पर रोष जाहिर करते हुए थाने के बाहर प्रदर्शन किया।
भगवान शिव की गर्दन में लगी गोली
घटना सुबह 10.40 बजे की है। मंदिर में भक्तों का आना-जाना हो रहा था। कार्तिक पूर्णिमा के कारण मंदिर में रोज से ज्यादा श्रद्धालु थे। सड़क पर वाहनों का तांता लगा था। इस मंदिर के बाहर कांच के बड़े से बॉक्स में शिव प्रतिमा स्थापति है। तभी एक कार (जेके 12-6209) मंदिर के सामने सड़क के बीचोंबीच खड़ी हो गई।
मंदिर के सामने खड़े एक युवक ने उनसे कार एक तरफ लगाने को कहा ताकि ट्रैफिक न रुके। मंदिर के पुजारी देवी प्रसाद पांडे के अनुसार युवकों ने पूजा कर रहे लोगों को हटने के लिए कहा। इसी दौरान एक युवक ने बंदूक निकालकर गोली चला दी। यह गोली शिव प्रतिमा का शीशा तोड़ते प्रतिमा के गर्दन में लगी।
इसके बाद दोनों युवक कार पर सवार होकर भाग निकले। गोली चलते ही हड़कंप मच गया। ज्यादातर लोगों को बड़ी देर तक समझ ही नहीं आया कि क्या हुआ और क्यों हुआ। पुजारी और एक युवक ने मोटर साइकिल से आरोपियों की कार का पीछा किया और कार का नंबर नोट कर पुलिस को सूचित किया।
आरोपी की कार से मिली दवाएं कौन सी हैं
पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। सभी पुलिस थानों को कार का नंबर बताकर अलर्ट किया गया। दो घंटे के भीतर दोनों आरोपी अखनूर के घरोटा नाके पर धर लिए गए। गोली चलाने का आरोपी युवक सईद शाहाद बुखारी लॉ के सेकेंड सेमेस्टर का छात्र है। दूसरा आरोपी यासिर हुसैन एक निजी कंपनी में कार्यरत है।
दोनों पुंछ जिले के सुरनकोट के सनाई गांव के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ आरपीसी की धारा 307, 295, 295 ए , 427 और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। एसएसपी ने शाम को पत्रकार वार्ता में बताया कि युवक मानसिक रोगी है। पुलिस कई पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार युवक की कार से मिले डाक्टर की रिपोर्ट से पता चला कि वह मानसिक रूप से बीमार है।
उक्त रिपोर्ट जम्मू के ही डाक्टर की है और पुलिस उसकी भी जांच कर रही है। इसके अलावा कार से कुछ दवाइयां भी मिलीं हैं। गांधी नगर थाने के बाहर शिव सेना और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर आरोपियों की दिमागी हालत खराब बताए जाने पर एतराज जताया है।
कार हटाने को कहा इसलिए चलाई गोली
एसपी राहुल मलिक के अनुसार पुलिस जांच कर रही है कि युवक किन परिस्थितियों में अपने पिता का हथियार लेकर घूम रहा था। यदि इसमें उनके पिता की लापरवाही पाई गई तो उन पर कार्रवाई करने के अलावा पुलिस लाइसेंस रद करने की अनुशंसा करेगी। पुलिस के अनुसार युवक की कार से मिले डाक्टर की रिपोर्ट से पता चला कि वह मानसिक रूप से बीमार है।
उक्त रिपोर्ट जम्मू के ही डाक्टर की है और पुलिस उसकी भी जांच कर रही है। इसके अलावा कार से कुछ दवाइयां भी मिली हैं। एसपी के अनुसार मंदिर के सामने सड़क कम चौड़ी है। युवकों की कार से पीछे वाहनों का जाम लग गया था। पुजारी ने उन्हें कार हटाने के लिए कहा। इस पर युवक ने गोली चलाई।