बाड़ी ब्राह्मणा क्षेत्र में चाय की दुकान के बाहर गोली कांड के बाद हमलावर फरार
बिश्नाह क्षेत्र के रहने वाले हैं घायल व हमलावर, दोनों पर पहले भी दर्ज हैं मामले
संवाद न्यूज एजेंसी
बाड़ी ब्राह्मणा। क्षेत्र के तरोर में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित एक चाय की दुकान पर बुधवार रात करीब 11:30 बजे हुए गोलीकांड ने इलाके में सनसनी फैला दी। राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार तीन फायरों की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए। गोली लगने से एक युवक घायल हो गया। हमलावर फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। पुलिस के पहुंचने के बाद ही डरे-सहमे लोग अपने घरों से बाहर आए।
जानकारी के अनुसार घायल विशाल सिंह जमवाल पुत्र नरेंद्र सिंह, निवासी राया और हमलावर विशाल शर्मा उर्फ विशु निवासी खोजीपुर, बिश्नाह दोनों ही स्थानीय स्तर पर आपराधिक किस्म के हैं। इन दोनों के खिलाफ पहले भी एफआईआर दर्ज हैं। बुधवार को दोनों अपने गुर्गों के साथ मिलकर तरोर पहुंचे थे। इसके उपरांत किसी बात को लेकर तीखी बहसबाजी शुरू हो गई। बहसबाजी बढ़ने पर विशाल सिंह जमवाल उग्र हो गया, जिसके बाद विशाल शर्मा ने अपनी पिस्तौल निकालकर तीन राउंड फायर कर दिए।
इनमें से दो गोलियां विशाल सिंह जमवाल की टांग में लगीं, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया। मौके पर मौजूद अन्य लोगों और साथियों ने उसे तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए विजयपुर स्थित एम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां पर उसकी हालत को गंभीर देखते हुए पंजाब ले जाया गया है। तरोर में गोलीकांड से पहले विशाल शर्मा रत्नाल में एक शादी समारोह में गया था और बिश्नाह पुलिस ने संदिग्ध फायरिंग की सूचना मिलने पर इलाके की तलाशी ली थी, लेकिन थाना प्रभारी बिश्नाह दीपक ठाकुर ने फायरिंग की पुष्टि नहीं की है। उन्होंने कहा कि फायरिंग की सूचना के आधार पर पुलिस ने छापामारी की थी परंतु मौके पर फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस कार्रवाई और फॉरेंसिक जांच
गोलीकांड की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं और इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया, लेकिन हमलावर और उसके साथी गोलीकांड को अंजाम देने के बाद फरार हो चुके थे। पुलिस ने हमलावर की धरपकड़ के लिए विशेष टीमें तैनात कर दी हैं और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है। घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया और मौके से तीन खाली कारतूस, एक कमीज, को जब्त किया है। पुलिस ने इस संबंध में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
वर्जन
हमलावर की तलाशी के लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं और निरंतर छापामारी की जा रही है। एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। -संदीप सिंह चिब, थाना प्रभारी बाड़ी ब्राह्मणा