दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले के पिंगलाना में कांग्रेस नेता उमर जान के घर पर आतंकियों ने शनिवार को देर शाम ग्रेनेड से हमला किया। दो ग्रेनेड घर को निशाना बनाकर दागे गए। एक ग्रेनेड घर के अंदर गिरकर फटा जबकि दूसरा फट नहीं पाया।
घटना के वक्त कांग्रेस नेता घर पर मौजूद नहीं थे। हालांकि, इस हमले में किसी प्रकार के जानी नुकसान की खबर नहीं है। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने आस-पास के इलाके को घेरकर तलाशी अभियान चलाया।
इस बीच एसएचओ के नेतृत्व में पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। टीम ने कांग्रेस नेता के परिवार वालों से आग्रह किया कि वे घर से बाहर तब तक न निकलें जब तक कि बम निरोधक दस्ते की ओर से ग्रेनेड को निष्क्रिय नहीं कर दिया जाता है।