श्री अमरनाथ यात्रा के बेस कैंप पहलगाम के रास्ते में शनिवार को आतंकियों ने ग्रेनेड हमला किया। अनंतनाग जिले के अच्छाबल इलाके के बस अड्डे में आतंकी हमले में एक स्थानीय नागरिक की मौत हो गई। साथ ही मां-बेटी सहित पांच लोग घायल हो गए। घायलों में एक सीआरपीएफ जवान और एक गैर स्थानीय मजदूर भी शामिल है।
जानकारी के मुताबिक यह हमला वहां तैनात सीआरपीएफ की पेट्रोलिंग पार्टी पर किया गया लेकिन निशाना चूकने के कारण ग्रेनेड बस अड्डे में जा फटा। एसपी अब्दुल जब्बार ने बताया कि हमला दोपहर करीब पौने दो बजे हुआ जिसमें करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हमले के बाद इलाके में अफरातफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमले के तुरंत बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। कारोबारियों ने दुकानों के शटर गिरा लिए। हमले में घायल हुए लोगों की पहचान विजय कुमार (पंजाब का मजदूर), होन सर्वक (164 बटालियन सीआरपीएफ का जवान), शीराजा अख्तर और उसकी बेटी रूही जान, मुख्तार अहमद और मोहम्मद जब्बार के रूप में की गई है।
गंभीर रूप से घायल मोहम्मद जब्बार को श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज रेफर किया गया, लेकिन, रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। जब्बार इलाके में आइसक्रीम बेचने का काम करता था।
गौरतलब है कि हमले के तुरंत बाद सेना, पुलिस और सीआरपीएफ के आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और इलाके की घेराबंदी करवा कर आतंकियों की तलाश शुरू कर दी गई। पर देर शाम तक कोई आतंकी हाथ नहीं लगा था।