सीआरपीएफ के कैंप पर आतंकी हमला
- फोटो : डेमो फोटो
सोमवार को काजीगुंड में हुए हमले के कुछ ही देर बाद दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले के मट्टन में सीआरपीएफ 92 बटालियन के मुख्यालय पर भी आतंकियों ने ग्रेनेड हमला किया। ग्रेनेड मुख्यालय के गेट पर गिरकर फट गया। इसके बाद आतंकी भाग निकले। घटना के बाद इलाके में सर्च आपरेशन चलाया गया है। सीआरपीएफ प्रवक्ता राजेश यादव के अनुसार इसमें किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है।
वहीं इससे कुछ घंटे पूर्व दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम जिले के काजीगुंड में सीआरपीएफ की रोड ओपनिंग पार्टी (आरओपी) पर आतंकियों ने ग्रेनेड हमला किया। इस आतंकी हमले में सीआरपीएफ के चार जवान जख्मी हो गए। हमले के तुरंत बाद आतंकियों की तलाश में आसपास के इलाकों में सर्च आपरेशन छेड़ा गया, लेकिन कुछ सफलता नहीं मिली। इस हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने ली है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना काजीगुंड मेन बाजार की है, जहां सोमवार अपराह्न 4:30 बजे आतंकियों ने सीआरपीएफ को निशाना बनाते हुए उन पर ग्रेनेड दागा गया। इस हमले में बल के चार जवान घायल हुए, जिन्हें तुरंत नजदीक के अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया। कश्मीर जोन के आईजीपी मुनीर अहमद खान ने आतंकी हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि आतंकियों ने सीआरपीएफ की 163 बटालियन की आरओपी को निशाना बनाया, जो कि वहां तैनात थी। इस हमले मेें चार सीआरपीएफ के जवान घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए जाया गया। घायल जवानों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। आईजीपी ने बताया कि लश्कर ने हमले की जिम्मेदारी ली है।