दो जुलाई से शुरू होने जा रही श्री अमरनाथ यात्रा के प्रबंधों की शनिवार को राज्यपाल एनएन वोहरा ने राजभवन में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक में समीक्षा की।
राज्यपाल ने इस अवसर पर श्री अमरनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हेलीकाप्टर सेवा के अलावा लंगर, टेंटों, दुकानों और अन्य सुविधाओं के लिए की जा रही तैयारियों का भी जायजा लिया।
इस अवसर पर गवर्नर ने श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को निर्देश जारी किए कि वह यात्रा क्षेत्र के अंदर और बाहर के दायरे में नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथारिटी की सलाह के अनुसार लंगरों को मंजूरी से संबंधित मामलों का हल करें।
इसके लिए मुख्य कार्र्यकारी अधिकारी को कश्मीर और जम्मू के मंडलायुक्तों के अलावा कठुआ, सांबा, जम्मू, उधमपुर और रामबन के जिला उपायुक्तों से चर्र्चा करने को भी कहा।
इस अवसर पर राज्यपाल ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी से कहा कि वह यह सुनिश्चित करें कि गांदरबल और अनंतनाग जिलों के डीसी प्रत्येक यात्रा कैंप के लेआउट प्लान के तहत ही टेंट और दुकानों की अनुमति जारी करें।
यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी अनाधिकृत तौर पर टेंट या दुकान न लगा पाए। सीईओ को यात्रियों की पर्याप्त सुरक्षा के लिए पुलिस महानिदेशक से मिलने के लिए भी कहा गया, ताकि यात्रा के दौरान कानून और व्यवस्था की स्थिति बेहतर रह सके।
बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश कुमार गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र कुमार सिंह, निवर्तमान अतिरिक्त मुख्य कार्र्यकारी अधिकारी प्रीत पाल सिंह भी मौजूद रहे।